हॉवर मक्खी - एक जैविक कीटनाशक
हॉवर मक्खी - एक जैविक कीटनाशक
प्रकृति के खूबसूरत संसार में कितने ही विलक्षण जीव हैं। इनमें से कितने ही जीव हमारे आसपास हैं पर ये आसानी से दिखाई नहीं देते । इसका कारण यह है कि हमारी आँखें और मन इन जीवों की तरफ नहीं बल्कि अन्य वस्तुओं पर केंद्रित रहते हैं । आप इन जीवों की अद्भुत दुनिया की झलक पा सकते हैं, बशर्ते आप सही मायने में इन जीवों के प्रति अपना मन खोलें ।
किस्मत से हम भी ऐसे ही एक नायाब जीव से रूबरू हुए । एक ऐसा जीव है जो अमेरिका, एशिया, अफ्रीका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया आदि सभी महाद्वीपों पर बहुतायात में पाया जाता है । जब हमने इसे हमारी बालकनी में लगे जंगली फूलों पर हेलीकॉप्टर की तरह मंडराते देखा, तो इसके बारे में और भी जानने की उत्सुकता हुई । हमने महीन चीजों को विशाल कर चित्र लेने में मदद करने वाले माइक्रोलेन्स से इसके कुछ चित्र ले पाए । इस जीव को "मारमालेड होवरफ्लाई" या "हॉवरफ्लाई" भी कहते हैं । "मारमालेड" यानी फलों से बनाया गया स्वादिष्ट मीठा मुरब्बा और "होवरफ्लाई" यानी मंडराने वाली मक्खी ।
वैसे यह मुरब्बे पर नहीँ बल्कि फूलों पर मंडराती है, यह पंख इस गति से फड़फड़ाती है कि लगता है कोई हेलीकॉप्टर उड़ रहा हो । यह बहुत नफ़ासत से आगे-पीछे, ऊपर-नीचे उड़ कर फूलों पर बैठती और फिर उड़ जाती । यह फूलों का अवलोकन करती, इतनी तेज़ी से अपने पर फड़फड़ाती हैं कि हमें स्थिर प्रतीत होती हैं जैसे जेम्स बॉन्ड या मैट्रिक्स फिल्मों में हेलीकॉप्टर नायक को ढूंढता हवा में स्थिर हो जाता है । इन्हें इस तरह उड़ते देखना सम्मोहित कर देता है ।
सर्फिडे परिवार की प्रजातियों की ये मक्खियां मधुमक्खियों से अलग हैं क्योंकि इनमें डंक नहीं होता और इनकी शारीरिक संरचना भी उनसे अलग है । मधुमक्खियों से आकार में छोटी इन मक्खियों के शरीर पर काली-पीली पट्टियां इन्हें डंक मारने वाले ततैये (वास्प) जैसा दिखाती हैं । इनका यह छद्म वेश इन्हें परजीवियों से बचाता है । मादाओं का रंग नर मक्खियों से ज़्यादा गहरा होता है । इनकी कई विशेषताओं में से यह भी है कि यह उन गिने चुने जीवों में से हैं जो फूलों के रस में साथ-साथ पराग के कणों को पीसकर उन्हें खाती हैं । ये मक्खियां एक फूल से दूसरे फूल पर जाती हैं जिससे फूलों के परागन में मदद मिलती है । ये किसानों की भी बड़ी मददगार हैं ।
दरअसल, हर मक्खी की तरह हॉवर मख्खियों का जीवन भी 3 चरणों से गुजरता है - अंडों से लार्वा, फिर प्यूपा और आखिर में वयस्क मक्खी। एक वयस्क मादा मक्खी अपने अंडे देने के लिए किसी ऐसे पौधे या पेड़ के पत्ते का चुनाव करती है जो पत्तियों का रस चूसने वाले परजीवियों जैसे ऐफीड्स, मीली बग्स, केटरपिलर आदि से ग्रसित हो। ये सभी परजीवी कीड़े, पौधों पर चिपक कर उनका रस चूस लेते हैं । इसके अलावा यह शक्कर युक्त लार बनाते हैं जिससे पौधों पर चीटियां आकर्षित होती हैं जो पौधों को नुकसान पहुंचाती हैं ।
हॉवर मक्खी के अंडों से निकले लार्वा इन परजीवी कीड़ों को खाते हैं , ये इतने भूखे होते हैं कि जल्द ही पूरा पौधा परजीवियों से मुक्त हो जाता है। इस तरह ये लार्वा जैविक कीटनाशक का काम करते हैं और फिर एक सुरक्षित स्थान ढूंढ़कर प्यूपा में बदल जाते हैं । उत्तरी अमेरिका और यूरोप में किसान हॉवर मक्खियों को रिझाने के लिए फसलों के साथ फूलों वाले पौधे लगाते हैं । मक्खियों के लार्वा को भोजन मिल जाता है और बदले में किसानों को फसलों को नुकसान पंहुचाने वाले परजीवी कीड़ों से निजात । प्रकृति का संतुलन वाकई अद्भुत है पर अफसोस यह है कि हम इंसानों का जीवन प्रकृति से दूर हो चला है ।
एक तरफ इंसानों की बढ़ती जनसँख्या है तो दूसरी तरफ पूँजीवादी आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था में अधिक से अधिक मुनाफे का लक्ष्य - इन दोनों कारकों से जमीन के हर टुकड़े का अत्याधिक लाभ उठाने का लालच है । फसलें उगाने में रासायनिक कीटनाशक और उर्वरक धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहे हैं । ये रसायन हॉवर मक्खी समेत अन्य कई कीटों और जीव जंतुओं के लिए घातक हैं ।
जहाँ भारत समेत विश्व भर के किसान फसल उगाने की बढ़ती लागत, उत्पाद की खरीदी के दामों में उतार चढ़ाव और मौसमी अनिश्चितता की आशंकाओं से जूझते हुए खाद्यान्न उत्पादन कर रहे हैं वहाँ हॉवर मक्खियों और अन्य जीवों के हित का पक्षधर बनना थोड़ा कठिन मालूम पड़ता है। पर यह भी सच है कि रसायनिक खेती से जमीनें बंजर हो रहीं हैं, भूजल दूषित हो रहा है और इंसानों की एक बडी आबादी केंसर और अन्य घातक रोगों से जूझ रही है । जैविक खेती में ही हम इंसानों और
अन्य जीवों का हित है, यह समझना जरूरी है कि हॉवर मक्खी की तरह ही, हम इंसान भी एक पारिस्थितिकी तंत्र (इको सिस्टम) का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और हम सभी जीव एक दूसरे के पूरक हैं ।
संकल्प बक्षी
संदर्भ:
https://cals.cornell.edu/new-york-state-integrated-pest-management/outreach-education/fact-sheets/hover-fly-biocontrol-fact-sheet#:~:text=%2Dby%2D2.0)-,Adult%20syrphid%20fly,colored%2C%20striped%2C%20or%20spotted.

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें